• Sun. Aug 30th, 2026

‘वही घर है, वही रंधावा…’; सुखजिंदर रंधावा ने वड़िंग को दिया जवाब, पंजाब कांग्रेस में ‘स्लीपर सेल’ पर बढ़ी तकरार

 चंडीगढ़ 30 अगस्त 2026 : पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी के बीच पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा के बीच ‘स्लीपर सेल’ और ‘कंप्रोमाइज्ड लीडर’ को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है।

रंधावा के बयान पर वड़िंग ने कहा था कि वह उनसे मिलकर पूछेंगे कि उन्होंने किन नेताओं के बारे में यह बात कही है। इसके बाद शनिवार देर शाम रंधावा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर वड़िंग को जवाब दिया।

रंधावा ने लिखा, “वही घर है, वही रंधावा, जदों भी तुसी आओगे तुहाडा… मोस्ट वेलकम।” रंधावा की इस पोस्ट को लेकर कांग्रेस के भीतर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। दोनों नेताओं के बीच इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा रही।

वड़िंग ने रंधावा से मांगी थी स्पष्ट जानकारी

इससे पहले वड़िंग ने कहा था कि सभी राजनीतिक दलों में स्लीपर सेल हो सकते हैं और उनकी पहचान कर उन्हें बेनकाब किया जाना चाहिए, क्योंकि ऐसे लोग राजनीतिक विरोधियों से ज्यादा नुकसान पार्टी को पहुंचाते हैं। हालांकि, उन्होंने रंधावा से इस संबंध में स्पष्ट जानकारी मांगी थी।

बाबा बकाला के राखड़ पुन्नया सम्मेलन में वड़िंग की गैरमौजूदगी को लेकर भी सवाल उठे थे। यहां चन्नी खेमे के नेताओं की प्रमुख मौजूदगी रही थी। सम्मेलन में रंधावा, राणा गुरजीत सिंह और तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा समेत कई नेता शामिल हुए। ऐसे में ताजा बयानबाजी ने कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को और हवा दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *