• Sun. Aug 16th, 2026

मेवात कैडर शिक्षक भर्ती : 256 अभ्यर्थियों को मिलेगा आखिरी मौका, इस बार चूके तो गई नौकरी

चंडीगढ़ 16 अगस्त 2026  हरियाणा सरकार प्रदेश में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में मेवात कैडर के 1456 प्राइमरी टीचर पदों पर भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। चयनित अभ्यर्थियों में से 256 ऐसे हैं, जिन्होंने निर्धारित समय पर दस्तावेज सत्यापन नहीं कराया। शिक्षा विभाग ने इन्हें भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का एक और अंतिम अवसर दिया है।

शिक्षा निदेशालय ने इन अभ्यर्थियों को 18 और 19 अगस्त को दोबारा दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस अवसर पर भी यदि कोई अभ्यर्थी अनुपस्थित रहता है तो उसे नियुक्ति में रुचि नहीं रखने वाला माना जा सकता है और उसकी अनुशंसा के आधार पर हुआ चयन बिना किसी अन्य नोटिस के रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।

1456 पदों पर हो रही है भर्ती

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने विज्ञापन संख्या 05/2024, कैटेगरी नंबर-1 के तहत मेवात कैडर में 1456 प्राइमरी टीचर पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। इन पदों में 607 सामान्य वर्ग, 300 अनुसूचित जाति, 242 बीसीए, 170 बीसीबी और 71 ईडब्ल्यूएस वर्ग के पद शामिल हैं। इसके अलावा ईएसएम वर्ग के लिए भी निर्धारित प्रावधान के अनुसार पद रखे गए हैं। भर्ती के लिए अगस्त 2024 में ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। इसके बाद 28 सितंबर 2024 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा और पात्रता संबंधी प्रक्रिया के बाद चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच शुरू की गई।

विभाग ने दिया अंतिम अवसर

दस्तावेज सत्यापन के लिए पहले भी अभ्यर्थियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुलाया गया था। हालांकि, 256 अनुशंसित अभ्यर्थी दस्तावेज सत्यापन समिति के समक्ष उपस्थित नहीं हुए। ऐसे अभ्यर्थियों को अब विभाग ने अंतिम अवसर देते हुए दोबारा बुलाया है। इन अभ्यर्थियों को राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, टंकीवाला, नूंह में गठित दस्तावेज सत्यापन समिति के सामने उपस्थित होना होगा। उन्हें अपने दावे से संबंधित सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।

समय पर सत्यापन से नियुक्ति प्रक्रिया होगी पूरी

शिक्षा विभाग का प्रयास है कि चयन प्रक्रिया से जुड़े सभी पात्र अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन पूरा कर नियुक्ति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके। अंतिम अवसर दिए जाने के बाद विभाग गैरहाजिर रहने वाले अभ्यर्थियों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 18 और 19 अगस्त को भी दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति में रुचि नहीं रखने वाला माना जाएगा। इसके बाद एचएसएससी की अनुशंसा के आधार पर उनका चयन रद्द किया जा सकता है। इससे भर्ती प्रक्रिया में लंबित चरणों को पूरा करने और योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने का रास्ता साफ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *