5 अगस्त, 2026 : चंडीगढ़-फाजिल्का। आसफ़वाला शहीदी स्मारक, फ़ाज़िल्का में 23 अगस्त को आयोजित होने वाले रक्षाबंधन समर्पण समारोह की तैयारियों को लेकर शहीदों की समाध कमेटी के प्रधान करण गिलहोत्रा ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम का निमंत्रण दिया। इस दौरान उन्होंने समारोह की रूपरेखा, तैयारियों, विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग तथा जनभागीदारी के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
करण गिलहोत्रा ने राज्यपाल को आसफ़वाला शहीदी स्मारक की आकर्षक पेंटिंग भेंट कर उनका सम्मान भी किया।
इस भावपूर्ण समारोह में फ़ाज़िल्का शहर और आसपास की माताएं एवं बहनें देश की रक्षा में समर्पित वीर सैनिकों की कलाई पर राखी बांधकर उनके अदम्य साहस, बलिदान और समर्पण को नमन करेंगी। कार्यक्रम में बच्चों की भी विशेष भागीदारी रहेगी, जिससे नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और भारतीय सेना के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया जा सके।
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने 23 अगस्त को स्वयं समारोह में शामिल होने की सहमति प्रदान की है। समारोह में सेना के वरिष्ठ अधिकारी, वीर सैनिकों के परिवार और बड़ी संख्या में नागरिक भी उपस्थित रहेंगे। आयोजन समिति ने कहा कि राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति इस राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत आयोजन को और अधिक प्रेरणादायी बनाएगी।
इस कार्यक्रम का आयोजन फ़ाज़िल्का की सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं, एनजीओ, स्कूलों, यूथ क्लबों एवं नागरिक संगठनों के सामूहिक सहयोग से वीर सैनिकों के सम्मान में किया जा रहा है।
इस अवसर पर राज्यपाल के प्रिंसिपल सचिव श्री विवेक प्रताप सिंह जी व पीएचडी चैंबर से भारतीय सूद भी विशेष तौर पर मौजूद रहीं।
