लुधियाना 25 जुलाई 2026 : सैक्टर-32 स्थित ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक पर शुक्रवार को सर्वर डाउन होने के कारण ड्राइविंग लाइसैंस बनवाने पहुंचे लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही सर्वर ठप्प होने के चलते लर्निंग और परमानेंट ड्राइविंग लाइसैंस के लिए होने वाले टैस्ट प्रभावित रहे। लंबा इंतजार करने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और ट्रैक इंचार्ज मोहम्मद शबीर के साथ उनकी तीखी बहसबाजी भी हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तकनीकी समस्या के कारण ऑनलाइन सिस्टम काम नहीं कर पा रहा था, जिससे टैस्ट प्रक्रिया बार-बार रुकती रही। जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में आवेदक सुबह निर्धारित समय पर ट्रैक पहुंचे थे। कई लोग दूर-दराज के इलाकों से आए थे और कुछ ने नौकरी या अन्य जरूरी काम से छुट्टी लेकर टैस्ट के लिए समय निकाला था। लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण उनका नंबर नहीं आ सका। लगातार इंतजार के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लोगों ने ट्रैक प्रशासन से जवाब मांगा। इस दौरान कुछ आवेदकों की ट्रैक इंचार्ज मोहम्मद शबीर से बहस हो गई। लोगों का कहना था कि तकनीकी खराबी की सूचना समय रहते नहीं दी गई, जिससे उन्हें बेवजह घंटों इंतजार करना पड़ा।
आवेदकों ने मांग की कि यदि सिस्टम में खराबी है तो पहले ही सूचना जारी की जाए या उन्हें अगली तारीख बिना किसी अतिरिक्त प्रक्रिया के दी जाए। उधर, ट्रैक प्रशासन का कहना है कि समस्या तकनीकी थी और सर्वर बहाल कराने के लिए संबंधित एजैंसी से लगातार संपर्क किया गया। सर्वर चालू होते ही लंबित टैस्ट पूरे कराने का प्रयास किया जाएगा ताकि किसी आवेदक को अनावश्यक नुकसान न उठाना पड़े। लोगों का कहना है कि यदि सर्वर और ऑनलाइन व्यवस्था को अधिक मजबूत नहीं किया गया तो भविष्य में भी ऐसे हालात बनते रहेंगे, जिससे आम नागरिकों का समय और पैसा दोनों बर्बाद होगा।
