साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 11 जुलाई 2026 : पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत शनिवार को मोहाली विधानसभा क्षेत्र से श्रद्धालुओं से भरी तीन बसों को श्री अमृतसर साहिब के लिए रवाना किया गया। मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह ने गांव चिल्ला, धुराली और ग्रीन एन्क्लेव से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि पहले मोहाली से प्रतिदिन दो बसें तीर्थ यात्रा के लिए भेजी जाती थीं, लेकिन श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या और पंजीकरण में इजाफे को देखते हुए अब तीसरी बस भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना को प्रदेशभर में लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि यह योजना केवल धार्मिक आस्था को ही मजबूत नहीं करती, बल्कि सामाजिक भाईचारे और आपसी सौहार्द को भी बढ़ावा देती है। यात्रा के दौरान विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक बस में डॉक्टर और गाइड की व्यवस्था भी की गई है।
विधायक ने बताया कि शनिवार को मोहाली से 77वीं, 78वीं और 79वीं बस रवाना की गईं। यात्रा के दौरान श्रद्धालु श्री हरिमंदिर साहिब, श्री दुर्गियाना मंदिर, राम तीर्थ वाल्मीकि मंदिर, जलियांवाला बाग और अटारी-वाघा सीमा के दर्शन करेंगे।
इस अवसर पर हलका कोऑर्डिनेटर फूलराज सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
