• Sun. Jul 5th, 2026

E20 पेट्रोल नीति के खिलाफ दिल्ली में आज बड़ा प्रदर्शन, तहसीन पूनावाला बोले- ‘रोकने की कोशिश की तो गडकरी के घर का करेंगे घेराव

05 जुलाई 2026 : केंद्र सरकार की E20 इथेनॉल-ब्लेंडेड पेट्रोल पॉलिसी को जल्दबाजी में लागू करने के खिलाफ पहले विरोध प्रदर्शन से एक दिन पहले आयोजकों ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें जंतर-मंतर पर आंदोलन करने की मौखिक अनुमति तो दी है लेकिन प्रदर्शनकारियों की संख्या 200 तक सीमित रखने को कहा है।

आज दोपहर 2 बजे टीम भारत अगेंस्ट इथेनॉल स्कैम के बैनर तले होने वाले विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे उद्यमी और टीवी पर्सनैलिटी तहसीन पूनावाला ने दिल्ली पुलिस द्वारा लगाई गई शर्तों की आलोचना की और बताया कि किसी भी प्रतिबंध के बावजूद प्रदर्शन जारी रहेगा। पूनावाला ने यह भी कहा कि वह आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और शनिवार को ऑटो विशेषज्ञों द्वारा सरकार की इथेनॉल पॉलिसी का बचाव करते हुए की गई फर्जी प्रेस कॉन्फ्रेंस का पर्दाफाश करेंगे।

पूनावाला ने बताया, हमें दिल्ली पुलिस से मौखिक अनुमति मिल गई है। अजीब बात है कि दिल्ली पुलिस ने हमसे प्रदर्शनकारियों की संख्या केवल 200 तक सीमित रखने को कहा है। मुझे नहीं पता कि लोकतंत्र में पुलिस बल नागरिकों को यह कैसे बता सकता है कि विरोध प्रदर्शन सीमित होना चाहिए। टीम भारत के अन्य सदस्यों ने बताया कि विरोध प्रदर्शन इथेनॉल-ब्लेंडिंग पॉलिसी के खिलाफ नहीं था बल्कि इसे लागू करने के तरीके और कार मालिकों के पास कोई विकल्प न छोड़ने के खिलाफ था।

पूनावाला ने यह भी चेतावनी दी कि अगर दिल्ली पुलिस विरोध को रोकने के लिए कोई अजीब हरकत करती है तो केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के घर के बाहर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा, किसी भी स्थिति में पुलिस चाहे जो भी कहे, हम जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। हमें कोई परवाह नहीं है। अगर वे हमें विरोध करने की अनुमति नहीं देते हैं या कोई अजीब हरकत करते हैं तो हम नितिन गडकरी के घर के सामने बैठ जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *