• Sun. Jun 21st, 2026

पुलिस की कार्रवाई से क्राइम की साजिश नाकाम, वारदात से पहले 5 आरोपी दबोचे

फरीदकोट 21 जून 2026 : थाना सिटी-1 फरीदकोट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 चोरीशुदा मोटरसाइकिलों के अलावा घरों और दुकानों में सेंध लगाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार सहायक थानेदार जगतार सिंह समेत पुलिस पार्टी गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के संबंध में जुबली चौक क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को एक खास मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति कोटकपूरा रोड स्थित शुगर मिल के नजदीक मोटरसाइकिलों पर एकत्र होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। मुखबिर ने यह भी बताया कि उनके पास दुकानों और घरों में सेंध लगाने का सामान तथा हथियार मौजूद हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत छापेमारी की और पुनीत कुमार निवासी पुलिस लाइन फरीदकोट, मनदीप सिंह निवासी गांव चंदबाजा, गुरबख्श सिंह निवासी पत्तो हीरा (मोगा), गुरसेवक सिंह निवासी न्यू कैंट रोड फरीदकोट तथा गुरदीप सिंह निवासी डोगर बस्ती फरीदकोट को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 4 मोटरसाइकिल, एक हथौड़ा, एक पेचकस, एक सब्बल और नलके की एक हत्थी बरामद की गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि बरामद मोटरसाइकिल चोरीशुदा हैं, जिनके संबंध में आगे जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी-1 फरीदकोट में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान और भी अहम खुलासे होने की संभावना है तथा आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *