• Sun. Jun 7th, 2026

मिल्क प्लांट में लाखों की चोरी! बदमाश 8.75 लाख रुपये लेकर फरार, CCTV खंगाल रही पुलिस

लुधियाना 07 जून 2026 महानगर के हम्ब्रां रोड के अधीन आते गांव नूरपुर बेट स्थित मिल्क प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए अज्ञात चोरों द्वारा लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। शातिर चोरों ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से प्लांट के भीतर प्रवेश किया और वहां मौजूद कीमती मशीनरी व तारें चोरी कर लीं। मामले की शिकायत मिलते ही थाना लाड़ोवाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता  बलविंदर सिंह ने बताया कि बीते दिन 27 मई  को जब उन्होंने नूरपुर बेट स्थित मिल्क प्लांट की साइट की रूटीन जांच की, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। प्लांट के भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा था और कई कीमती उपकरण गायब थे। जांच करने पर पता चला कि कोई अज्ञात चोर शातिराना तरीके से साइट के भीतर दाखिल हुए और अंदर से करीब 200 मीटर कॉपर वायर (तांबे की तार), 4 नग मिल्क पंप, 2 नग वेल्डिंग सेट, 2 नग ग्राइंडर और 2 नग सिल्वर वायर रील चोरी करके ले गए।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, चोरों द्वारा उड़ाए गए इस पूरे साजो-सामान की अनुमानित कीमत करीब 8,75,000 रुपये (पौने नौ लाख रुपये) बनती है। इतनी बड़ी चोरी की वारदात से इलाके के औद्योगिक और व्यापारिक हलकों में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का मुआयना किया और प्लांट व आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि चोर गिरोह का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *