• Sun. May 31st, 2026

हांसी में शोरूम मैनेजर की हत्या से सनसनी, दोस्तों ने विवाद के बाद किया हमला, स्कॉर्पियो में फरार हुए आरोपी

हांसी 31 मई 2026 हांसी में शनिवार रात दिल्ली-सिरसा हाईवे पर NH-10 के नाम से मार्केट में जॉकी शोरूम के मैनेजर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में आए कुछ लोगों से कहासुनी के बाद उस पर शोरूम के बाहर ही हमला किया। गंभीर रूप से घायल मैनेजर को साथी कर्मचारियों ने तत्काल हांसी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।  

सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस

हत्या का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक मैनेजर से मारपीट करते और फिर पेट में चाकू मारते दिख रहे हैं। इसके बाद वह स्कॉर्पियो में बैठकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया है।  मृतक की पहचान हिसार निवासी सूरज जैन (24) के रूप में हुई है। वह पिछले तीन साल से इस शोरूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार युवक एक काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर बाजार में आए थे। यह सूरज के दोस्त ही बताए गए हैं। किसी बात को लेकर सूरज से उनकी बहस हो गई। सूरज ने उन्हें शांत करने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने।  सीसीटीवी में दिख रहा है कि पहले सूरज के पास उसका एक दोस्त आता है और उसे जेब से निकालकर सिगरेट देता है। इसी दौरान दूसरा साथी कुछ दूरी पर खड़ा होकर फोन पर किसी से बात करता है। बातचीत खत्म होने के बाद, वही दोस्त उसे थप्पड़ और लात मारता हुआ दूर ले जाता है। तभी वह अपनी जेब से चाकू निकालकर सूरज के पेट में घोंप देता है। घटनास्थल पर आसपास के लोग भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने उन युवकों को नहीं रोका। हमलावर भागकर अपनी गाड़ी की ओर चले गए और कुछ ही देर में सूरज जमीन पर गिर पड़ा। वहां मौजूद लोगों ने हमलावरों को पकड़ने के लिए आवाज लगाई, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे।

वहीं हांसी डीएसपी रविंदर सागवान ने बताया कि मृतक मार्केट में काम करता था। उसके दोस्त उससे मिलने आए थे। वहां उनकी कुछ बातचीत हुई। फिर, पता नहीं किस बात पर उनका झगड़ा हो गया, जिसके बाद उसे चाकू मार दिया गया। इसके बाद मार्केट के लोग उसे सिविल अस्पताल हांसी ले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *