• Sun. May 17th, 2026

जींद में सड़क हादसे में समालखा के जूडो खिलाड़ी की मौत, कॉमनवेल्थ खेलों में जीता था गोल्ड

जींद 17 मई 2026 : राष्ट्रीय राजमार्ग-352 पर शनिवार की सुबह एक सड़क हादसे में स्विफ्ट कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना भिड़ताना टोल प्लाजा के पास घटित हुई, जहां लाल रंग की स्विफ्ट कार की आगे चल रहे एक ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्विफ्ट कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और चालक गाड़ी के अंदर ही फंस गया। मौके पर मौजूद भीड़ ने चालक को कार से बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक चालक की पहचान नरेश (23) उर्फ फौजी छिक्कारा के रूप में हुई है जो समालखा (पानीपत) के जौरासी गांव का निवासी था। वह एक प्रतिभाशाली जूडो का खिलाड़ी था जिसने कॉमनवैल्थ गेम्स में गोल्ड मैडल जीता था और 4 बार नैशनल प्लेयर रह चुका था। उसके परिवार में 3 भाई हैं जिनमें से 2 खिलाड़ी हैं और एक खेती का काम करता है। वह जींद में अपने दोस्त से मिलने के लिए आ रहा था। 

इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया। वहीं पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्विफ्ट कार तेज रफ्तार में थी और आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने या रुकने के कारण ही यह हादसा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *