• Mon. Jun 15th, 2026

विजिलेंस का बड़ा एक्शन, रिश्वत लेते ASI रंगे हाथों गिरफ्तार

जैतो/चंडीगढ़/जालंधर 22 अप्रैल 2026 विजिलेंस ब्यूरो पंजाब ने पुलिस थाना जैतो, जिला फरीदकोट में तैनात सहायक सब-इंस्पैक्टर हरपाल सिंह को 33,500 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है। ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को जैतो तहसील के एक निवासी द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

प्रवक्ता के अनुसार शिकायतकर्त्ता के पति और सास के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज था, जिसकी जांच आरोपी ए.एस.आई. हरपाल सिंह कर रहा था। शिकायतकर्त्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने इस मामले में मदद करने और पुलिस रिमांड न लेने के बदले 2 लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी। बाद में अनुरोध करने पर यह सौदा 80,000 रुपए में तय हुआ और आरोपी पहले ही पहली किस्त के रूप में 40,000 रुपए ले चुका था।

उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी ने दूसरी किस्त के रूप में 40,000 रुपए की और मांग की, जिसकी पूरी बातचीत शिकायतकर्त्ता ने रिकॉर्ड कर ली थी। शिकायतकर्त्ता ने विजिलेंस ब्यूरो यूनिट, फरीदकोट से संपर्क किया। प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर 2 सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी ए.एस.आई. को 33,500 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना विजिलेंस ब्यूरो फिरोजपुर में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *