लुधियाना 02 अप्रैल 2026 : महानगर में बेखौफ लुटेरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला भामियां रोड का है, जहां मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश युवकों ने चाकू की नोक पर एक महिला से उसकी क्रेटा गाड़ी लूट ली और मौके से फरार हो गए। थाना मेहरबान की पुलिस ने महिला के बयानों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला डॉक्टर अवनीत कौर ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि 31 मार्च की शाम करीब 7:00 से 8:00 बजे के बीच वह अपनी सफेद रंग की क्रेटा गाड़ी पर सवार होकर ड्राइविंग सीख रही थी। जब वह भामियां रोड स्थित श्मशान घाट के पास पहुंची और गाड़ी को बैक करके वापस मोड़ने लगी, उसी समय एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक वहां आए। आरोपियों ने उसे रोका और चाकू जैसी किसी नुकीली और तेजधार चीज दिखाकर डराया-धमकाया। लुटेरों ने महिला को गाड़ी से नीचे उतारा और देखते ही देखते कार लेकर ताजपुर रोड की तरफ रफूचक्कर हो गए।
वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया। पुलिस का कहना है कि रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।
