• Mon. Mar 30th, 2026

Kaithal : सवारियों से भरी रोडवेज बस पहुंची पुलिस थाने, जानें क्या थी वजह

कैथल 30 मार्च 2026 : हिसार से चंडीगढ़ जा रही रोडवेज बस में शरारती तत्वों द्वारा उपद्रव करने का मामला सामने आया है। बस निर्धारित समय पर हिसार से रवाना होकर चंडीगढ़ जा रही थी। कलायत अड्डे के पास एक युवक ने अचानक बस में हंगामा शुरू कर दिया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।

परिचालक अजय के अनुसार युवक ने पहले अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बाद में चालक संदीप कुमार व परिचालक के साथ बहस करते हुए माहौल बिगाड़ दिया। आरोप है कि उसने चालक के साथ गलत व्यवहार किया और परिचालक के साथ मारपीट करने की कोशिश की। स्थिति को गंभीर होता देख चालक और परिचालक सवारी से भरी बस को सीधे सिविल लाइन थाना ले गए। थाने में पहुंचने पर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

वहीं युवक ने भी चालक पर आरोप लगाया कि वह बस चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था। इस पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामनिवास ने बताया कि सभी यात्रियों से पूछताछ की गई, जिसमें सामने आया कि चालक की कोई गलती नहीं थी और वह सुरक्षित तरीके से बस चला रहा था, जबकि युवक ही बेवजह हंगामा कर रहा था। वहीं कंडक्टर और ड्राइवर ने इस पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत सिविल लाइन थाने में दे दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *