लुधियाना 20 मार्च 2026 : औद्योगिक नगरी लुधियाना में एक बार फिर गैंगस्टरों के नाम पर फिरौती का बाजार गर्म हो गया है। शहर के नामी ज्वैलर और बेकरी कारोबारियों को निशाना बनाकर करोड़ों की रंगदारी मांगी जा रही है, जिससे व्यापारिक जगत में दहशत का माहौल है। ताजा मामलों में पुलिस ने अलग-अलग थानों में शिकाय दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सराफा बाजार के ज्वैलर को गोल्डी बराड़ के नाम पर धमकी
सराफा बाजार के प्रमुख ज्वैलर तुषार भंडारी को उस समय पसीने आ गए, जब उनके मोबाइल पर एक अज्ञात कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ बताते हुए सीधे 5 करोड़ रुपये की मांग कर डाली। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने व्हाट्सएप पर गन के इमोजी भेजकर तुषार को जान से मारने की धमकी दी। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पी.ए.यू. थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और तकनीकी सेल की मदद से कॉल ट्रेस करने में जुटी है।
अब बेकरी कारोबारी भी निशाने पर, ‘गोपी लाहोरिया’ के नाम से कॉल
गैंगस्टरों का खौफ सिर्फ सराफा बाजार तक सीमित नहीं रहा। शिवपुरी रोड स्थित बेकरी के मालिक सतिंदर वर्मा को भी धमकी भरी कॉल आई है। फोन करने वाले ने खुद को गोपी लाहोरिया बताया और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
मैनेजर को दी स्टाफ को खत्म करने की धमकी
इसके अलावा रानी झांसी रोड पर स्थित एक नामी बेकरी के अंबाला निवासी मैनेजर जतिंदर ने भी पुलिस को शिकायत दी है। आरोपी ने जतिंदर को धमकाते हुए कहा कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो बेकरी के स्टाफ को जान से मार दिया जाएगा। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
