• Wed. Mar 18th, 2026

पोश इलाके में हाईवोल्टेज ड्रामा : बिना वारंट पहुंची यूपी पुलिस, मचा हंगामा

लुधियाना 18 मार्च 2026 : पॉश इलाके मॉडल टाउन में उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब उत्तर प्रदेश की पुलिस ने एक युवक को पकड़ने के लिए अचानक दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान हालात तब तनावपूर्ण हो गए जब युवक ने मौके पर अपने एडवोकेट को बुला लिया। देखते ही देखते सड़क पर यूपी पुलिस के मुलाजिमों और वकील के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिसने हाईवोल्टेज ड्रामे का रूप ले लिया।

वकील ने यूपी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह गैर-कानूनी है। एडवोकेट ने मौके पर ही पुलिस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यूपी पुलिस के पास न तो कोई गिरफ्तारी वारंट था और न ही उन्होंने लुधियाना की लोकल पुलिस को इस रेड के बारे में कोई सूचना दी थी। वकील का साफ कहना था कि बिना स्थानीय पुलिस को लूप में लिए और बिना कानूनी दस्तावेजों के इस तरह किसी को उठाना सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस की सरेआम धज्जियां उड़ाना है।

काफी देर तक बीच सड़क पर चले इस हंगामे की सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाउन की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस के दखल के बाद मामला शांत हुआ और यूपी पुलिस पकड़े गए युवक को थाने ले गई। फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है और यूपी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *