कुरुक्षेत्र 16 मार्च 2026 : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा क्षेत्र में पटियाला रोड पर उस समय बड़ा हादसा टल गया जब करीब 30 यात्रियों से भरी हरियाणा रोडवेज की बस निर्माणाधीन पुलिया के पास फंस गई। बस पटियाला से पिहोवा बस स्टैंड की ओर आ रही थी।
जानकारी के अनुसार पिहोवा के बोढ़नी गांव के पास सड़क किनारे बन रही पुलिया के नजदीक बस का आगे का टायर नरम मिट्टी में धंस गया, जिसके कारण बस सड़क और खदान के बीच फंस गई और आगे नहीं बढ़ सकी। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार यदि बस पलट जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि पुलिया के पास गड्ढों में लोहे के बड़े-बड़े सरिए भी खड़े थे। बस में करीब 30 से अधिक यात्री सवार थे। बस के फंसने के बाद यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। बाद में क्रेन की मदद से बस को बाहर निकाला गया।
कंडक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि चालक बस को धीमी गति से चला रहा था और नियंत्रण में रखने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सड़क पर डाली गई ताजी मिट्टी के कारण टायर नीचे धंस गया। उन्होंने कहा कि यहां करीब सात महीने से पुलिया निर्माण का कार्य चल रहा है और सड़क भी काफी संकरी है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बस किसी वाहन को ओवरटेक करते समय नहीं फंसी। सड़क संकरी होने के कारण यहां ओवरटेक करना मुश्किल है। चालक सामान्य गति से बस चला रहा था और किसी साइकिल को ओवरटेक नहीं किया गया। कंडक्टर के अनुसार बस के ब्रेक या स्टेयरिंग फेल होने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि बस की जांच के बाद ही सही कारण सामने आएगा। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को कोई चोट नहीं आई।
