गुरदासपुर 16 मार्च 2026 : लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इलाके के कई गांवों में खेतों में खड़ी गेहूं और सरसों की फसल तेज हवाओं के कारण गिरती दिखाई दे रही है। इससे किसानों के चेहरों पर चिंता साफ नजर आ रही है, क्योंकि सरसों की फसल की कटाई का समय करीब होने के कारण हुआ नुकसान उनके लिए बड़ी परेशानी बन सकता है।
किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह खराब रहा तो गेहूं की पैदावार पर सीधा असर पड़ सकता है। तेज हवाओं के कारण कई खेतों में गेहूं और सरसों समेत अन्य फसलें जमीन पर गिर गई हैं, जिससे दाने की गुणवत्ता घटने और उत्पादन कम होने का खतरा बढ़ गया है। कुछ जगहों पर बारिश का पानी भी खेतों में भर गया है, जिससे फसलों को और नुकसान होने की आशंका है। इलाके के किसानों का कहना है कि सालभर की मेहनत इस मौसम की मार से खतरे में पड़ सकती है।
