• Mon. Mar 16th, 2026

पंजाब में मौसम अलर्ट : ओलावृष्टि के साथ बारिश, 20 तक आंधी-तूफान की चेतावनी

जालंधर 16 मार्च 2026 : जम्मू-कश्मीर व हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात व बर्फबारी के चलते पंजाब के मौसम में भी बदलाव हुआ है और ठंडक का अहसास होने लगा है। रविवार सुबह से देर रात तक जारी रही हलकी बारिश से मौसम सुहावना हो गया। इसी बीच शाम के समय आसमान में इन्द्रधनुष का नजारा देखने को मिला। वहीं, सोमवार को भी ठंडी हवाओं के साथ बादल छाए हुए है। 

मौसम विभाग केे मुताबिक पंजाब सहित पड़ोसी राज्यों में मौसम ने करवट ली है। इसी क्रम में महानगर में हलकी बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज हुई। महानगर का अधिकतम तापमान 23-24 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री (रात में) दर्ज हुआ। वहीं, गत रोज महानगर जालंधर का तापमान 30 डिग्री के उपर निकल गया था। इस क्रम में 6-7 डिग्री की गिरावट ने ठंडक का एहसास करवाया है। मौसम विज्ञान केन्द्र चंडीगढ़ सैंटर द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 5-7 दिनों तक मौसम बदलता हुआ नजर आएगा जिसके चलते 16 मार्च को बारिश होने का अनुमान है। इसी के चलते सावधान रहने की एडवाइजरी जारी की गई है। फिलहाल जारी हुए अनुमान के मुताबिक 20 मार्च के बाद मौसम सामान्य हो जाएगा। इस दौरान महानगर जालंधर व आसपास के इलाकों में बिजली कड़कने, आंधी-तूफान व ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। पिछले दिनों से पड़ रही गर्मी के चलते लोगों ने गर्म कपड़े अंदर रख दिए थे लेकिन आज बारिश के चलते लोगों को विंड शिटर का इस्तेमाल करते देखा गया। वहीं नाइट ड्यूटी करने वालों ने जैकेट इत्यादि भी निकाल ली। विशेषज्ञों द्वारा बदल रहे मौसम में सावधानी अपनाने की एडवाइजरी जारी की गई है, क्योंकि इस तरह के मौसम में स्वास्थ्य खराब होने की संभावना बढ़ जाती है।

कुछ दिन के लिए ठंडे मौसम की हो सकती है वापसी
लगभग 
हर वर्ष सर्दी जाने के बाद मौसम में एक बार परिवर्तन होता है और सर्दी कुछ दिनों के लिए दोबारा से आती है, लेकिन इस बार होलियां निकल जाने के बाद भी मौसम का मिजाज नहीं बदला था। अब बदलते मौसम के मिजाज के चलते कुछ दिनों के लिए ठंडे मौसम की वापसी हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम के बदल रहे मिजाज के चलते अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना बन रही है। इन दिनों में बारिश पड़ने से सर्दी का रंग एक बार फिर से देखने को मिल सकता है। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *