रोहतक 13 मार्च 2026 : रोहतक जिले में तिलयार झील के सामने शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सड़क से गुजर रहे ट्रक का अचानक टायर फट गया, जिसके बाद ट्रक में लगे सीएनजी टैंक और डीजल की टंकी में धमाका हो गया। धमाके के बाद ट्रक में भीषण आग लग गई और आग की लपटें पास में स्थित एक फर्नीचर शोरूम तक पहुंच गईं। देखते ही देखते शोरूम में रखा सामान आग की चपेट में आ गया, जिससे भारी नुकसान हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब 8 बजे की है। ट्रक तिलियार झील के सामने से गुजर रहा था, तभी अचानक उसका टायर फट गया। टायर फटने के साथ ही ट्रक में लगे सीएनजी टैंक और डीजल टंकी में भी धमाका हो गया और ट्रक ने आग पकड़ ली। आग लगते ही ट्रक का ड्राइवर और हेल्पर वाहन से कूदकर मौके से भाग गए।

कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
ट्रक में लगी आग तेजी से पास में बने फर्नीचर के शोरूम तक पहुंच गई। आग लगने के कारण शोरूम में रखा फर्नीचर, प्लाईवुड और सेनेटरी का सामान जलने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए करीब 7 से 8 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक शोरूम में रखा अधिकतर सामान जलकर राख हो चुका था।
घटनास्थल पर मौजूद यशपाल देशवाल ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला सुबह घूमने आई थी, जिसने सबसे पहले ट्रक में आग लगने की जानकारी दी। उनका कहना है कि ट्रक का ड्राइवर आग लगते ही कूदकर भाग गया। उन्होंने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचने के बाद दूर से ही पानी मारती रही। यदि टीम शोरूम की तरफ से या ट्रक के आगे से आग बुझाने का प्रयास करती तो शायद नुकसान कम हो सकता था।
शोरूम में रखा करोड़ों का सामान जलकर नष्ट
शोरूम के मालिक नरेंद्र मलिक ने बताया कि उन्होंने करीब दो साल पहले यहां सोलर, प्लाईवुड और सेनेटरी का शोरूम बनाया था। सुबह उन्हें सूचना मिली कि ट्रक में हुए सीएनजी ब्लास्ट के कारण उनके शोरूम में आग लग गई है। उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। यदि समय रहते आग पर काबू पा लिया जाता तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता। इस हादसे में शोरूम में रखा करोड़ों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
