• Fri. Mar 6th, 2026

पार्किंग विवाद में ‘मराठी बाणा’ के निर्माता अशोक हांडे पर हुआ हमला

मुंबई 05 मार्च 2026 : लोककला के वरिष्ठ शोधकर्ता और ‘मराठी बाणा’ कार्यक्रम के निर्माता अशोक हांडे के साथ पार्किंग को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना में हांडे घायल हो गए। मामले में माहीम पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार यह घटना 1 मार्च को हुई। अशोक हांडे मुंबई के माटुंगा पश्चिम स्थित मनमाला टैंक रोड पर यूनाइटेड हाउस की ग्राउंड फ्लोर पर अपने कार्यालय में बैठे थे। इसी इलाके में रहने वाला प्रथमेश पांडुरंग उनफोडे उर्फ बंटी (53) बैट लेकर उनके ऑफिस में घुस आया और कांच पर बैट से हमला करने लगा। शोर सुनकर हांडे बाहर आए।

पार्किंग विवाद से बढ़ा मामला
इसके बाद आरोपी ऑफिस के बाहर खड़ी गाड़ियों के लिए पार्किंग शुल्क मांगने लगा। ‘मराठी बाणा’ कार्यक्रम की गाड़ियां वहां अक्सर खड़ी रहती थीं, लेकिन उस जगह से उसका कोई संबंध नहीं था। इसलिए हांडे ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर आरोपी ने उन्हें गालियां दीं और बैट से हमला कर दिया। बचाव के दौरान बैट उनके कान के पास लग गई, जिससे उन्हें चोट आई।

पुलिस से भी बदसलूकी
ऑफिस के कर्मचारियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी नहीं माना। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। माहीम पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी ने पुलिस से भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उनके साथ भी उलझ गया। आखिरकार पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उसके खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया।

कौन हैं अशोक हांडे?
अशोक हांडे लोककला के वरिष्ठ अध्ययनकर्ता हैं और लेखन, निर्देशन, अभिनय, संगीत, गायन और निर्माण जैसे कई क्षेत्रों में सक्रिय रहे हैं। पुणे के वारकरी परिवार में जन्मे हांडे को बचपन से ही भजन, भारुड और तमाशा जैसी लोककलाओं में रुचि थी। बाद में मुंबई के लालबाग इलाके में आने के बाद उनके कला कौशल को नया मंच मिला। ‘मराठी बाणा’ महाराष्ट्र की संस्कृति को दर्शाने वाला एक लोकप्रिय सांस्कृतिक संगीत कार्यक्रम है, जिसकी रचना अशोक हांडे ने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *