• Fri. Mar 6th, 2026

5 मंजिला इमारत में भीषण आग, 150 जिंदगियां खतरे में, दमकल कर्मियों ने मौत के मुंह से खींच निकाले मासूम

04 मार्च 2026 : दिल्ली से सटे गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में बीरबल चौकी के पास बीती रात एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में मौत का तांडव देखने को मिला। सीढ़ियों और इलेक्ट्रिक पैनल में लगी अचानक आग ने देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं के गुबार के बीच बिल्डिंग में मौजूद करीब 150 लोगों की सांसें अटक गईं।

धुएं का जाल और चीख-पुकार
रात के सन्नाटे में जब इमारत के इलेक्ट्रिक पैनल में शॉर्ट सर्किट हुआ, तो आग तेजी से सीढ़ियों के रास्ते ऊपर की ओर बढ़ी। 45 फ्लैटों वाली इस बिल्डिंग में करीब 150 लोग सो रहे थे। धुंआ इतना घना था कि लोगों को बाहर निकलने का रास्ता तक नहीं मिल रहा था। चीख-पुकार के बीच लोग खिड़कियों की ओर भागे, लेकिन चारों तरफ अंधेरा और दम घोंटू धुंआ भरा था।

10 दमकल गाड़ियां और 2 घंटे का महा-रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने मोर्चा संभाला। मौके पर 10 से ज्यादा फायर टेंडर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सीढ़ियों और हाइड्रोलिक खिड़कियों के जरिए एक-एक कर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। करीब 2 घंटे चले इस ‘हाई-वोल्टेज’ रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी 150 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।

22 लोग घायल, अस्पताल में इलाज जारी
दम घोंटू धुएं और आग की तपिश की वजह से करीब 22 लोग घायल हुए हैं। कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ और घबराहट की शिकायत के बाद तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों का कहना है कि घायल खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज चल रहा है।

शॉर्ट सर्किट बना काल की वजह?
शुरुआती जांच में अधिकारियों का मानना है कि आग इलेक्ट्रिक पैनल में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। दमकल विभाग की मुस्तैदी ने एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया, वरना जान-माल का भयानक नुकसान हो सकता था। फिलहाल पूरी इमारत को खाली करा लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *