• Thu. Feb 26th, 2026

Gurugram-Faridabad रोड हादसा : इनोवा की टक्कर से बाइक सवार की मौत

गुरुग्राम 26 फरवरी 2026 : गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर ग्वाल पहाड़ी के पास दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ट्रैफिक जाम में खड़ी एक मोटरसाइकिल को पीछे से आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ डीएलएफ फेज-एक थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  

ट्रैफिक जाम में खड़ी बाइक को मारी टक्कर

मूल रूप से उत्तरप्रदेश के  बिजनौर निवासी मोहम्मद राशिद ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई शाकिर के साथ डीएलएफ फेज-तीन से काम खत्म करके मोटरसाइकिल  पर सवार होकर फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी जा रहे थे। शाम करीब 4:45 बजे जब वे ग्वाल पहाड़ी सीएनजी पंप के पास पहुंचे, तो वहां ट्रैफिक जाम लगा हुआ था। राशिद ने अपनी बाइक को आगे खड़ी एक ग्रैंड विटारा  गाड़ी के पीछे रोका हुआ था। तभी पीछे से आ रही एक सफेद रंग की इनोवा  के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बाइक को पीछे से सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक आगे और पीछे की गाड़ियों के बीच बुरी तरह दब गई।

अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घायल शाकिर को राहगीरों की मदद से तुरंत फरीदाबाद के बीके  अस्पताल में भर्ती कराया गया। शरीर पर आई गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान 50 वर्षीय  शाकिर  ने दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक चला रहे राशिद को भी चोटें आई हैं।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही ग्वाल पहाड़ी पुलिस चौकी से टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा करवा दिया है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *