08 फ़रवरी2026: बठिंडा में सरकारी दफ्तरों से महत्वपूर्ण रिकॉर्ड गायब होने और नष्ट होने की रहस्यमयी घटनाओं की कड़ी लगातार लंबी होती जा रही है। नगर निगम दफ्तर के रिकॉर्ड रूम में संदिग्ध आग लगने और अहम दस्तावेज जलने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि अब खेतीबाड़ी एवं किसान भलाई विभाग के मुख्य दफ्तर से महत्वपूर्ण रिकॉर्ड चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
इस संबंध में विभाग के डायरेक्टर जसवंत सिंह ने थाना कैनाल कॉलोनी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 19 जनवरी को हुई चोरी, अब जाकर हुआ खुलासा शिकायत में बताया गया है कि 19 जनवरी 2026 को खेतीबाड़ी विभाग के मुख्य कार्यालय से विभागीय रिकॉर्ड चोरी हो गया। चोरी हुआ रिकॉर्ड विभाग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया जा रहा है, जिससे जुड़े कई विभागीय मामलों और योजनाओं की फाइलें शामिल थीं।
सूत्रों के अनुसार, यह रिकॉर्ड किसी बड़े घोटाले या विभागीय अनियमितताओं से जुड़े तथ्यों और सबूतों को मिटाने की सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकता है। अंदरूनी मिलीभगत की आशंका जानकार सूत्रों का कहना है कि इतने महत्वपूर्ण रिकॉर्ड का अचानक गायब होना किसी बाहरी व्यक्ति के लिए संभव नहीं है। बिना विभागीय कर्मचारियों या अधिकारियों की संलिप्तता के इतनी बड़ी घटना को अंजाम देना लगभग असंभव माना जा रहा है। पुलिस भी इस एंगल से जांच कर रही है कि रिकॉर्ड चोरी के पीछे विभाग के भीतर से ही कोई हाथ तो नहीं है।
