लुधियाना 05 फरवरी 2026 : अमन-शांति भंग करने और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर युवाओं को गलत राह पर धकेलने वालों के खिलाफ लुधियाना पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। थाना डिविजन नंबर 3 की पुलिस ने एक युवक को नामजद किया है, जो वीडियो में हथियार दिखाकर दहशत फैला रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, एस.आई. परमजीत सिंह समेत पुलिस पार्टी बीते दिन 4 फरवरी को गश्त के संबंध में ख्वाजा कोठी चौक के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को खास मुखबिर से सूचना मिली कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक युवक, सरेआम हथियार लहरा रहा है। आरोपी न केवल हथियारों का प्रदर्शन कर रहा था, बल्कि नई पीढ़ी को भी हथियार रखने और गलत रास्तों पर चलने के लिए उकसा रहा था।
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी की पहचान भानू प्रताप के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की यह हरकत न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम जनता की सुरक्षा और जान-माल को भी खतरा पैदा हो सकता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी भानू प्रताप के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
