• Wed. Feb 4th, 2026

मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, एअर इंडिया और इंडिगो विमानों के विंग्स टकराए

04 फरवरी 2026 : मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार को दो यात्री विमानों के बीच ग्राउंड कोलिजन (जमीन पर टक्कर) हो गई। घटना के समय दोनों विमानों में यात्री सवार थे, लेकिन राहत की बात यह है कि किसी को चोट नहीं आई।

यह टक्कर एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2732 (मुंबई–कोयंबटूर) और इंडिगो की फ्लाइट 6E 791 (हैदराबाद–मुंबई) के बीच हुई। एयर इंडिया का विमान कोयंबटूर के लिए उड़ान भरने से पहले पीछे की ओर धकेला जा रहा था (pushback), जबकि इंडिगो का विमान हैदराबाद से उतरने के बाद टैक्सीवे पर आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान दोनों के विंगटिप्स (पंखों के सिरे) आपस में टकरा गए।

घटना के बाद दोनों विमानों को तुरंत रोक दिया गया और जांच के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया। एयरलाइंस ने एयरपोर्ट अथॉरिटी और विमानन नियामक DGCA को सूचना दे दी है और औपचारिक जांच शुरू हो गई है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि विमानों को कितना नुकसान हुआ है और कुल कितने यात्री सवार थे, लेकिन सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है।

एयर इंडिया का बयान
एयर इंडिया ने कहा कि उसकी फ्लाइट AI2732 टैक्सीवे पर टेक-ऑफ का इंतजार कर रही थी, तभी दूसरे विमान से संपर्क हुआ और उसके विमान के विंगटिप को नुकसान पहुंचा। एहतियात के तौर पर विमान को तकनीकी जांच के लिए रोक दिया गया है। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है और उन्हें जल्द से जल्द दूसरी फ्लाइट से भेजने की व्यवस्था की जा रही है। एयर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया और कहा कि सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इंडिगो का बयान
इंडिगो ने भी पुष्टि की कि उसकी फ्लाइट 6E 791 का विंगटिप टैक्सींग के दौरान दूसरे विमान से टकरा गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें विमान से उतार लिया गया है। विमान की तकनीकी जांच चल रही है। एयरलाइन ने कहा कि नियमों के अनुसार सभी संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचना दे दी गई है और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *