पुणे 03 फरवरी 2026 : पुणे पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। अब अगर कोई चालक दो बार ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ के मामले में पकड़ा गया और तीसरी बार फिर से शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़ा गया, तो उसका वाहन जब्त कर लिया जाएगा। साथ ही नियम तोड़ने वालों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा की जाएंगी। यह चेतावनी पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने शिवाजीनगर में आयोजित एक शिविर के दौरान दी।
पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा, “शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ पुणे पुलिस ने कड़ी नीति अपनाई है। दो बार कार्रवाई के बाद अगर तीसरी बार वही गलती दोहराई जाती है, तो संबंधित व्यक्ति का वाहन जब्त किया जाएगा।”
उन्होंने आगे बताया कि नियम तोड़ने वाले शराबी चालकों की तस्वीरें वेबसाइट और सोशल मीडिया पर डाली जाएंगी। ये तस्वीरें उनके दोस्तों और परिवार वालों तक भी भेजी जाएंगी। साथ ही सार्वजनिक चौराहों पर पुलिस की शैली में ऐसे चालकों का “खास सत्कार” भी किया जाएगा, ताकि दूसरों के लिए यह एक उदाहरण बने।
शिवाजीनगर स्थित पुलिस मुख्यालय में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत आयोजित काउंसलिंग और मार्गदर्शन शिविर में वे बोल रहे थे। इस शिविर में शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में पकड़े गए करीब एक हजार चालकों को बुलाया गया था। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज पाटिल और उपायुक्त हिम्मत जाधव भी मौजूद थे।
अमितेश कुमार ने कहा, “शराब पीकर गाड़ी चलाने से कई गंभीर हादसे होते हैं। इसमें निर्दोष वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। एक शराबी चालक की गलती से पूरा परिवार बर्बाद हो सकता है। इसलिए शराब पीकर वाहन चलाना हर हाल में बंद होना चाहिए।”
इस दौरान यह भी साफ किया गया कि इस तरह के काउंसलिंग शिविर अब हर सप्ताह आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सके।
