• Wed. Feb 4th, 2026

टैरिफ घटते ही ट्रंप बोले ‘मोगैम्बो खुश है’, कांग्रेस ने PM मोदी पर कसा तंज

03 फरवरी 2026 : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ में कटौती की घोषणा के बाद भारत में सियासत तेज हो गई है। ट्रंप ने भारतीय सामानों पर लगने वाला टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। इस फैसले का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वागत किया, लेकिन कांग्रेस ने इसे लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि वह राष्ट्रपति ट्रंप के सामने दबाव में दिख रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “वॉशिंगटन में साफ तौर पर मोगैम्बो खुश है।”

कांग्रेस का मोदी पर बड़ा हमला

सोमवार को जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि हाल के कई अहम फैसले सीधे वॉशिंगटन से घोषित किए गए हैं, न कि नई दिल्ली से। उन्होंने तीन उदाहरण दिए:

  1. ऑपरेशन सिंदूर को रोकने की घोषणा
  1. रूस और वेनेजुएला से तेल खरीद को लेकर भारत की स्थिति पर अपडेट
  2. भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा

रमेश ने कहा कि इन तीनों मामलों में पहल अमेरिकी पक्ष की ओर से दिखाई दी, जिससे यह संदेश जाता है कि भारत दबाव में है।


“मोदी ट्रंप के सामने असहज दिखते हैं”

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पहले प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच खुली गर्मजोशी दिखती थी, लेकिन अब मोदी उनके सामने असहज नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है जैसे प्रधानमंत्री ने कहीं न कहीं “हार मान ली है।” उन्होंने यह भी कहा कि इस समझौते को सरकार भले ही बड़ी उपलब्धि बताने की कोशिश कर रही हो, लेकिन इसे किसी भी सूरत में “फादर ऑफ ऑल डील्स” नहीं कहा जा सकता। इसी संदर्भ में उन्होंने मशहूर फिल्मी डायलॉग का इस्तेमाल करते हुए कहा, “वॉशिंगटन में मोगैम्बो खुश है।”

ट्रंप ने टैरिफ घटाया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट करते हुए बताया कि भारत पर लगने वाला टैरिफ 25% से घटाकर 18% कर दिया गया है। उन्होंने इसे भारत-अमेरिका के बीच नई व्यापारिक समझदारी का नतीजा बताया।

पीएम मोदी ने किया स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए X पर लिखा: “आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा। यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत हो जाएगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत की 140 करोड़ जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद।” मोदी ने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापारिक और रणनीतिक साझेदारी आगे और मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *