• Fri. Jan 30th, 2026

शिमला का 4-5 घंटे का सफर अब सिर्फ 30 मिनट में, सैलानियों के लिए बड़ी सुविधा

चंडीगढ़ 30 जनवरी 2026 शिमला जाने वाले सैलानियों के लिए अच्छी खबर है। शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ से संजोली हेलीपैड तक हेली टैक्सी सर्विस शुक्रवार से शुरू हो रही है। अब चंडीगढ़ और आस-पास के इलाकों के सैलानी कम समय में शिमला पहुंच सकेंगे। एयरपोर्ट अथॉरिटी का कहना है कि चंडीगढ़-शिमला के बीच हेली टैक्सी की काफी डिमांड थी। इसके बाद कंपनी से बात करके सर्विस शुरू की गई, जिसके लिए 3169 रुपये खर्च करने होंगे। इसके साथ ही शिमला से कुल्लू और संजोली-रेकोंगपियो रूट के लिए भी यह सुविधा मिलेगी।

4 से 5 घंटे का सफर 30 मिनट में पूरा

यह सर्विस साउथ इंडिया के टूरिस्ट के लिए काफी फायदेमंद होगी। पहले चंडीगढ़ से शिमला ट्रेन से जाने में 4 से 5 घंटे लगते थे। अब हेली-टैक्सी सर्विस यह दूरी सिर्फ 30 मिनट में तय करेगी। यह सर्विस उन पैसेंजर्स के लिए फायदेमंद साबित होगी जो कम समय में ट्रैवल करना चाहते हैं या वीकेंड पर शिमला घूमने का प्लान बना रहे हैं।

चंडीगढ़ से सुबह 9:15 बजे उड़ान भरेगा हेलीकॉप्टर

हेलीकॉप्टर रोजाना चंडीगढ़ एयरपोर्ट से सुबह 9:15 बजे उड़ान भरेगा और शिमला के संजोली हेलीपैड पर करीब 9:45 बजे लैंड करेगा। यह शिमला संजोली से सुबह 9:50 बजे उड़ान भरेगा और चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर सुबह 10:20 बजे लैंड करेगा। इसका किराया भी फ्लेक्सी-फेयर बेसिस पर तय किया जाएगा।

हफ्ते में तीन दिन मिलेगी सर्विस

यह हेली-टैक्सी सर्विस चंडीगढ़ से हफ्ते में तीन दिन शुक्रवार, शनिवार और सोमवार को दी जा रही है। चंडीगढ़ एयरपोर्ट अथॉरिटी और सर्विस ऑपरेटर्स का कहना है कि पैसेंजर्स की संख्या और डिमांड के आधार पर भविष्य में संचालन दिनों को बढ़ाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि इस पहल का मुख्य मकसद टूरिज्म को बढ़ावा देना और पैसेंजर्स को समय बचाने के साथ-साथ सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प प्रदान करना है।

खासकर वीकेंड पर शिमला जाने वाले टूरिस्ट, बिजनेसमैन, सरकारी अधिकारी और बिजनेस क्लास को इस सर्विस से काफी फायदा होगा। इससे रोड ट्रैफिक पर दबाव भी कम होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि इस हेलीकॉप्टर सर्विस के शुरू होने से हिमाचल प्रदेश में टूरिज्म को नई रफ्तार मिलेगी और शिमला आने वाले टूरिस्ट की संख्या बढ़ेगी। जो पैसेंजर चंडीगढ़ से शिमला हेलीकॉप्टर से जाना चाहते हैं, वे बुकिंग के लिए www.booking.pawanhans.co.in वेबसाइट पर जाकर हेलीकॉप्टर यात्रा बुक कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *