• Tue. Jan 27th, 2026

अयोध्या दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राम मंदिर कार्यक्रम में शामिल होंगी

अयोध्या 22 जनवरी 2026 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगी। ट्रस्ट के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उनके मुताबिक, चैत्र शुक्ल प्रतिपदा संवत 2083 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति शिरकत करेंगी। 

ट्रस्ट के अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू इस आयोजन की मुख्य अतिथि होंगी। इस अवसर पर राष्ट्रपति राम मंदिर में काम कर रहे 400 कर्मचारियों को सम्मानित भी करेंगी। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, ट्रस्टी कृष्ण मोहन और निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेन्द्र मिश्र ने बुधवार को दिल्ली में राष्ट्रपति मुर्मू को व्यक्तिगत तौर पर निमंत्रित किया। 

आप को बता दें कि अयोध्या स्थित राम मंदिर में रामलला के विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा के दो वर्ष 22 जनवरी को पूरे होने जा रहा है। ऐसे में गुजरात सरकार ने बूचड़खाने बंद करने के निर्देश दिए हैं। शहरी विकास एवं शहरी आवास विभाग ने राज्य के सभी नगर निगमों और अन्य नगरपालिकाओं के आयुक्तों को पत्र लिखकर उनसे बृहस्पतिवार को बूचड़खानों को बंद करने के अपने आदेश को लागू करने का अनुरोध किया है। विभाग ने इस पत्र के जरिये अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राम मंदिर में भगवान राम के बाल रूप के विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी सालगिरह के समारोहों के मद्देनजर उनके अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शहरों और कस्बों में स्थित बूचड़खानों को बंद रखा जाए।

गौरतलब है कि राम मंदिर का उद्घाटन और रामलला के विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा 22 जनवरी, 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित विभिन्न गणमान्य लोगों की उपस्थिति में हुई थी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *