17 दिसंबर 2025 : उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ते कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बुधवार, 17 दिसंबर को भी मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर नया अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला, जहां विजिबिलिटी 50 से 100 मीटर तक सिमट गई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि आने वाले 24 घंटों में कोहरे के चलते ठंड और बढ़ेगी। इसके साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर का असर भी देखने को मिल सकता है।
24 से ज्यादा जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जीरो विजिबिलिटी का खतरा
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक, 17 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में सुबह के समय जीरो विजिबिलिटी वाला घना कोहरा रहने का अनुमान है: गोरखपुर, बस्ती, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, बलरामपुर, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत।
इन जिलों में रहेगा मध्यम कोहरा
इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है, जिनमें शामिल हैं: वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, सोनभद्र, बलिया, मऊ, आजमगढ़, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, जौनपुर, सुल्तानपुर, अयोध्या, अमेठी, बाराबंकी, अंबेडकर नगर। वहीं पश्चिमी यूपी के कई जिलों जैसे आगरा, मथुरा, अलीगढ़, बदायूं, झांसी, ललितपुर, कानपुर, इटावा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, रामपुर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर में हल्के से मध्यम कोहरे के आसार हैं।
तापमान का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, आज प्रदेश में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बीते 24 घंटों में आगरा, बरेली, मुरादाबाद और प्रयागराज में घना कोहरा छाया रहा, जहां कई इलाकों में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई। वहीं इटावा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लखनऊ में बढ़ी ठंड, अधिकतम तापमान गिरा
राजधानी लखनऊ में ठंड का असर साफ नजर आ रहा है। हालांकि न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन अधिकतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार सुबह लखनऊ में मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है, हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने की उम्मीद है। आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री और अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
नोएडा का मौसम
नोएडा में भी ठंड का असर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
आगे और बढ़ेगी ठंड
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आने वाले दिनों में यूपी में अधिकतम के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके कारण ठंड और शीतलहर का प्रभाव और ज्यादा बढ़ेगा। लोगों को सुबह और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
