• Fri. Dec 5th, 2025

उत्तर प्रदेश में मौसम ने बदला रुख, दिन में धूप तो रात में बढ़ी ठंडक

5 नवंबर 2025: उत्तर प्रदेश में मोंथा चक्रवात के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दिन में हल्की धूप तो रात में ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक हफ्ते तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश या तेज हवाओं की कोई संभावना नहीं है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, बाराबंकी में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। वहीं कानपुर, इटावा और मुजफ्फरनगर में तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हुआ। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है, जिससे सुबह और देर शाम हल्की सर्दी का अहसास होने लगा है।

मौसम विभाग ने बताया कि 5 नवंबर से 7 नवंबर तक पश्चिमी और पूर्वी यूपी में आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं भी बारिश या झोंकेदार हवाएं नहीं चलेंगी। विशेषज्ञों का मानना है कि अब धीरे-धीरे उत्तर भारत में सर्दियों की शुरुआत हो रही है और नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर और बढ़ेगा।

बात पड़ोसी राज्य की करें तो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते उत्तराखंड के मौसम में रात से बदलाव होने जा रहा है। मौसम के बदलने से पर्वतीय जिलों में शीत लहर तो मैदानी इलाकों में कोहरे और ठंड के बढ़ने की संभावना है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि चार और पांच नवंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड के मौसम को प्रभावित कर सकता है।

 उन्होंने बताया कि आज रात से पर्वतीय जिलों के कुछ क्षेत्रों में कहीं हल्की वर्षा और 4 हजार मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बफर्बारी होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर जिलों मे हल्की वर्षा हो सकती है। 5 नवंबर को भी अधिकतर पर्वतीय जिलों में इसी तरह का मौसम बना रहेगा।

रोहित थपलियाल ने बताया कि और पश्चिमी विक्षोभ करण उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जनपदों के कुछ क्षेत्रों में बहुत हल्की वर्षा होने के आसार हैं, इसके अलावा 4000 या उससे अधिक मीटर की ऊंचाई पर स्थित क्षेत्रों मे बफर्बारी की संभावना है। 6 नवंबर के बाद से उत्तराखंड में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। इन दो दिनों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ बरसात होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि बारिश और बफर्बारी होने से विशेषकर पर्वतीय जिलों में ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। इधर मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों में कोहरा छाने की भी संभावना जताई है, जिससे सामान्य तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *