• Mon. Nov 2nd, 2026

शहर के व्यापारियों में हड़कंप, मेन मार्केट की घटना से बिगड़े हालात…

बरनाला 20 अगस्त 2025 : बरनाला के घनी आबादी वाले इलाके रेलवे स्टेशन के पास हंडियाया बाजार के सामने एक ही रात में पांच दुकानों पर चोरी होने से व्यापारी वर्ग में भारी रोष फैल गया है। लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन चौक हमेशा चहल-पहल वाला इलाका है और रात के समय भी पुलिस गश्त करती है। फिर भी इस तरह की वारदात होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े करता है।

चोर छत के रास्ते घुसे
मिली जानकारी के अनुसार, रात के समय चोर रतन सिलेक्शन की इमारत की तीसरी मंजिल से लोहे का गेट तोड़कर अंदर घुसे और पांच दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने जिन दुकानों को निशाना बनाया, उनमें बलविंदर साइकिल स्टोर, सिंगला साइकिल स्टोर, रतन सिलेक्शन, हर श्री नाथ डेयरी और पंजाब फार्मा डिस्ट्रीब्यूटर शामिल हैं। बलविंदर साइकिल स्टोर के मालिक प्रवीण सिंगला ने बताया कि चोर सिर्फ गल्लों में ही हाथ मारकर गए हैं। उन्होंने कहा कि उनका करीब 8 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। अन्य सामान कितना चोरी हुआ है, इस बारे में फिलहाल अंदाज़ा नहीं लगाया जा सकता।

सीसीटीवी में कैद हुआ एक आरोपी
दुकानदारों ने बताया कि चोरी के दौरान एक आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस ने भी सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है और उसके आधार पर जाँच शुरू कर दी है। व्यापारियों ने कहा कि इसके बावजूद कि बाजार में कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, चोर बेखौफी से वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

व्यापारियों का गुस्सा
इस घटना के बाद व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल बंसल नाना और उपाध्यक्ष मोनू गोयल मौके पर पहुँचे। उन्होंने कहा कि यह वारदात बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि व्यापारी सरकार को करोड़ों रुपये का टैक्स देते हैं, लेकिन फिर भी उनकी दुकानें और रोजी-रोटी असुरक्षित हैं। “रात के समय रेलवे स्टेशन चौक पर हमेशा पुलिस तैनात रहती है, फिर भी इस तरह की वारदात होना कई गंभीर सवाल पैदा करता है। उन्होंने कहा कि वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और इलाके का जायजा लेकर जाँच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

सुरक्षा बढ़ाने की मांग
इलाके के व्यापारियों और निवासियों ने पुलिस से मांग की है कि शहर में खासकर बाजारों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में रात को गश्त बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी वारदातों पर काबू नहीं पाया गया तो व्यापारी वर्ग आने वाले दिनों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *