गुड़गांव 30 जुलाई 2025 : गुड़गांव में अगर आप आशियाना बनाने का सपना देख रहे हो तो यह सपना आपको काफी महंगा पड़ सकता है। प्रशासन की तरफ से कलेक्टर रेट बढ़ाने की तैयारी कर ली गई है। प्रस्तावित कलेक्टर रेट पर आपत्ति एवं सुझाव मांगे गए हैं। अगर यह रेट लागू हो जाते हैं तो गुड़गांव में जमीनों के कलेक्टर रेट 145 प्रतिशत तक बढ़ सकते हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रस्तावित कलेक्टर रेट के अनुसार सबसे ज्यादा बढ़ोतरी गुड़गांव तहसील के अंतर्गत बजघेड़ा में होगी। यहां मास्टर प्लान के अनुसार खाली पड़ी कृषि योग्य भूमि जिसे विभिन्न उपयोग में लिया जा सकता है के रेट 145 प्रतिशत तक बढ़ाए जा रहे हैं। यहां पहले कलेक्टर रेट 2.03 करोड़ रुपए प्रति एकड़ है जिसे बढ़ाकर 5 करोड़ रुपए किया जा रहा है। वहीं, कृषि योग्य (चाही) भूमि के दाम भी 51 प्रतिशत बढ़ाकर 3.31 करोड़ प्रति एकड़ से बढ़ाकर 5 करोड़ किए जा रहे हैं। कृषि योग्य (गैर मुमकिन) भूमि के दाम भी 3.36 करोड़ प्रति एकड़ से बढ़ाकर 5 करोड़ किया जा रहा है जोकि 37 प्रतिशत अधिक है। वहीं, बजघेड़ा में रिहायशी जमीन के दामों काे 50 प्रतिशत तक बढ़ाकर 20 हजार रुपए प्रति वर्गगज से 30 हजार रुपए प्रति वर्गगज किया जा रहा है।
