• Fri. Dec 5th, 2025

योग दिवस पर कुरुक्षेत्र में रामदेव-CM ने किया योग, सैनी बोले- खुलेंगी 100 व्यायामशालाएं

हरियाणा 21 जून 2025आज यानी 21 जून को 11 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस देश और दुनिया में मनाया जा रहा है। वहीं हरियाणा के कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में योग गुरू बाबा रामदेव और CM नायब सिंह सैनी ने योग किया। कार्यक्रम में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, मंत्री आरती राव और सांसद नवीन जिंदल भी मौजूद रहे।

सीएम सैनी ने योग गुरू स्वामी रामदेव का आभार किया प्रकट

योग करने के बाद CM सैनी ने कहा कि हम सबके लिए आज बहुत ही गौरव का दिन है। कुरुक्षेत्र में लाखों की संख्या में लोग इस दिवस को पर्व के रूप में मना रहे हैं। मैं इसके लिए योग गुरू स्वामी रामदेव का आभार प्रकट करता हूं। मैं हरियाणा की ओर से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री को साधुवाद देता हूं।

इस साल 100 और योग एवं व्यायामशालाएं खोली जाएंगी- सीएम सैनी 

CM ने कहा कि मैं श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय ध्यान केंद्र के लिए एक हॉल की घोषणा करता हूं। हरियाणा के विश्वविद्यालयों में योग लेखन प्रोत्साहन योजना लागू की जाएगी। इसके तहत हर साल उत्कृष्ट लेखकों को राज्य सम्मान दिया जाएगा। प्रदेश में 883 योग एवं व्यायामशालाएं खोली गई हैं, इस साल 100 और योग एवं व्यायामशालाएं खोली जाएंगी। सभी सरकारी स्कूलों में योग प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा। प्रदेश के विश्वविद्यालय और कॉलेजों में योग के पाठ्यक्रमों को लागू किया जाएगा। 40 योग कोचों की नियुक्ति की जाएगी। आज से प्रदेश के सभी कॉलेजों में पांच मिनट का योग ब्रेक भी शुरू किया जाएगा। वहीं हिसार में विधायक सावित्री जिंदल ने कुर्सी पर बैठकर योग किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *