• Fri. Dec 5th, 2025

चंडीगढ़ से एक और शहर के लिए सीधी फ्लाइट शुरू, जानें टाइमिंग

चंडीगढ़ 08 जून 2025 : चंडीगढ़-हिसार के बीच सोमवार से नई फ्लाइट चलाई जाएगी। इसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सप्ताह में 2 दिन ए.टी.आर.-72 सीटर के लिए स्लॉट जारी कर दिया है। अब हिसार से कनेक्टिविटी होने पर शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के 18 राज्यों से जुड़ गया है। सी.ई.ओ. अजय वर्मा ने बताया कि हिसार फ्लाइट के लिए स्लॉट जारी कर दिया गया है। प्रयास है कि एयरलाइंस अयोध्या और नांदेड़ साहिब के लिए फ्लाइट शुरू करें, जिसके लिए लगातार बातचीत चल रही है। उम्मीद है कि दोनों धार्मिक स्थलों के लिए भी जल्द फ्लाइट शुरू हो जाएगी। 

सप्ताह में 2 दिन स्लॉट मंजूर 

सी.ई.ओ. ने बताया कि चंडीगढ़-हिसार के बीच एलायंस एयर ए.टी.आर.-72 सीटर संचालित कर रही है। यह फ्लाइट सप्ताह में 2 दिन ही संचालित होगी। फ्लाइट सोमवार और शुक्रवार को संचालित होगी, जिसके लिए एयरलाइंस ने बुकिंग शुरू कर दी है। चंडीगढ़ से हिसार के लिए फ्लाइट दोपहर 3:20 बजे रवाना होगी और शाम 4:30 बजे पहुंचेगी। साथ ही हिसार से एलायंस एयर की फ्लाइट शाम 4:55 बजे रवाना होगी और शाम 5:55 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। हिसार से चंडीगढ़ की फ्लाइट की अवधि करीब 1 घंटा और चंडीगढ़ से हिसार की फ्लाइट की अवधि 1 घंटा 10 मिनट होगी। किराया 1449 रुपये से 1704 रुपये तक रखा गया है, हालांकि बुकिंग फ्लेक्सी फेयर के आधार पर होगी।

दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा 12 फ्लाइट

चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा 12 फ्लाइट हैं, जबकि मुंबई और बेंगलुरु के लिए 6-6, जयपुर और श्रीनगर के लिए 4-4, लेह और हैदराबाद के लिए 2-2, अहमदाबाद के लिए 3, कोलकाता, धर्मशाला, गोवा, इंदौर, जम्मू, लखनऊ, चेन्नई, पटना और पुणे के लिए 1-1 फ्लाइट रोजाना संचालित हो रही है। अब सोमवार से हिसार एयरपोर्ट का नाम भी इस सूची में जुड़ गया है। ऐसे में चंडीगढ़ से करीब 18 राज्यों के लिए हवाई सेवा शुरू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *