• Fri. Jul 31st, 2026

विजिलेंस कार्रवाई के बाद निगम हुआ सख्त, JE को शोकॉज नोटिस जारी

जालंधर 03 जून 2025 : नगर निगम जालंधर के बिल्डिंग विभाग में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई के बाद अब निगम प्रशासन हरकत में आता दिख रहा है। निगम अधिकारियों ने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर एक्शन लेना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में बिल्डिंग इंस्पेक्टर का काम देख रहे जूनियर इंजीनियर नरेंद्र कुमार को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है।

नगर निगम के एम.टी.पी. (म्यूनिसिपल टाऊन प्लानर) की ओर से जारी इस नोटिस में कहा गया है कि जे.ई. नरेंद्र कुमार ने लद्देवाली क्षेत्र में प्रताप पैलेस से नंगल शामा को जाती सड़क के किनारे, नयन डैकोरेटर के पास हो रहे अवैध कमर्शियल निर्माण को नजरअंदाज किया। इस अवैध निर्माण को पहले निगम द्वारा सील किया गया था लेकिन बिल्डिंग मालिक ने सील तोड़ दी और दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया। नोटिस में जे.ई. नरेंद्र कुमार से दो दिनों के भीतर जवाब देने को कहा गया है, अन्यथा उनके खिलाफ अनुशासनात्मक और प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। निगम प्रशासन ने साफ किया है कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सैंकड़ों मामलों में सील तोड़कर हुआ अवैध निर्माण

नगर निगम की कार्रवाई पर अब सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि शहर में ऐसे सैंकड़ों मामले सामने आ चुके हैं, जहां सील तोड़कर अवैध निर्माण कार्य पूरे कर लिए गए हैं और निगम की नजरें इनायत बनी रहीं। उदाहरण के तौर पर, तिलक नगर से नाखा वाले बाग को जाती सड़क पर स्थित एक अवैध कमर्शियल बिल्डिंग को निगम ने कुछ समय पहले डिमोलिश किया था, लेकिन कुछ ही दिन में वह इमारत फिर से खड़ी कर दी गई और अब वहां कमर्शियल गतिविधियां शुरू करने की तैयारी चल रही है। इस पर अब तक किसी भी अधिकारी ने कोई कार्रवाई नहीं की है।

गौरतलब है कि विजिलेंस की स्पेशल टीम ने हाल ही में निगम के बिल्डिंग विभाग पर छापेमारी कर 2 अधिकारियों और आप विधायक रमन अरोड़ा को गिरफ्तार किया था। उसके बाद से बिल्डिंग ब्रांच में हड़कंप मचा हुआ है और पुराने मामलों की भी जांच दोबारा शुरू हो गई है। अब देखना यह होगा कि निगम प्रशासन सील तोड़ने वालों और अवैध निर्माण करने वालों पर क्या सख्त कार्रवाई करता है और जे.ई. नरेंद्र कुमार के जवाब के बाद उनके खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed