• Sun. Nov 8th, 2026

पंजाब में आसमानी आफत, परिवारों को गहरा झटका

पटियाला 02 जून 2025 : पटियाला के खालसा नगर भादसों रोड पर आसमानी बिजली गिरने के कारण 3 घरों का भारी नुकसान हुआ है, जिसकी सूचना मिलते ही पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार भलाई मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित घरों का निरीक्षण किया, परिवार से मिले और हालात की गंभीरता को समझते हुए तुरंत आर्थिक सहायता देने के निर्देश जारी किए।

स्वास्थ्य मंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ हैं और प्रभावित परिवारों की सरकार तथा जिला प्रशासन की ओर से पूरी संभव मदद की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित परिवारों को राहत राशि तुरंत जारी करवाई जाएगी और पुनर्वास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सिर्फ घर बनाना ही काफी नहीं, घर की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि नया मकान बनाते समय सही तरीके से अर्थिंग करवाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि अकसर लोग घर की सुंदरता, डिजाइन या मुरम्मत पर खर्च कर लेते हैं, पर अर्थिंग जैसी जरूरी सुरक्षा विधि को अनदेखा कर जाते हैं।

उन्होंने कहा कि बिना अर्थिंग के मकानों में बिजली का झटका जानलेवा हो सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से बचने के लिए लोगों को घरों में अर्थिंग करवाने के बारे में जागरूक होने की जरूरत है। इस मौके पर प्रभावित परिवार की महिला जो कि आंगनवाड़ी वर्कर है, उसने बताया कि यह बिजली मौत नहीं लेकर आई, पर यह सब कुछ ले गई। घर में टीवी, फ्रिज, एसी, गीजर, इन्वर्टर, इलैक्ट्रिक मीटर, बिजली की तारें, गद्दे — सब कुछ फुंक गया। परिवार की ओर से वित्तीय सहायता की मांग की गई है। इस मौके पर इलाके के लोग और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *