• Fri. Dec 5th, 2025

फरीदाबाद में भीषण हादसा: मकान की छत गिरते ही 5 लोग मलबे में दबे

फरीदाबाद 25 मई 2025 : हरियाणा में फरीदाबाद के सेक्टर-23 स्थित संजय कॉलोनी में आज सुबह करीब 3 बजे हादसा हो गया। तेज आंधी और बारिश के चलते मकान की छत का कुछ हिस्सा भरभरा कर गिर गया, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोग उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के बीके अस्पताल लेकर जाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। 

बिहार का रहने वाला है परिवार 

संजय कालोनी की गली नंबर 8 में रहने वाली इंदु देवी ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले की रहने वाली है। पिछले कई सालों से वह यहां पर किराए के मकान में रह रहे है। हादसे वाली रात को उनका बेटा श्रवण कुमार, छोटी बेटी रूपम, बड़ी बेटी अपने 1 साल के बेटे के साथ और बड़ा नाती मिथलेश मौजूद थे। ये सभी लोग मकान के उसी हिस्से में सो रहे थे, जिस पर रात के समय अचानक तेज बारिश और तूफान के चलते छत का कुछ हिस्सा टूटकर गिर गया।

इस हादसे में सबसे ज्यादा चोट इंदू के नाती मिथलेश को आई है। छत का एक टुकड़ा उसके सर पर आकर लगा जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। एक साल के बच्चे को भी हाथ में चोटें आई हैं लेकिन उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। उनकी बड़ी बेटी बल्लभगढ़ से अपने बेटे और बड़े नाती मिथलेश के साथ घर पर कुछ दिन के लिए घूमने आई थी। किसी को यह अंदेशा नहीं था कि इस तरह की घटना हो सकती है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि हादसा प्राकृतिक आपदा के चलते हुआ प्रतीत होता है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्‌टी दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *