पंजाब 03 फरवरी 2025 : प्रशासन की लगातार सख्ती के बावजूद लोग चाइना डोर का प्रयोग करने से बाज नहीं आ रहे हैं। बसंत पंचमी के अवसर पर लोगों ने पतंगबाजी भी खूब की, वो भी चाइनीज मांझे के साथ। वे इस बारे में भी नहीं सोच रहे हैं कि इससे किसी के साथ दुर्घटना हो सकती है, या किसी की जान भी जा सकती है।
ऐसा ही एक मामला पंजाब के खन्ना शहर से आया है, जहां मशहूर पंजाबी गायक बिट्टू खन्ना वाला भी चाइना डोर की चपेट में आकर हादसे का शिकार हो गया। चाइना डोर से घायल होने के बाद वह इलाज के लिए खन्ना के सिविल अस्पताल पहुंचे।
इसके बाद उन्होंने कहा कि प्रशासन ने चाइना डोर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है, लेकिन इसके बावजूद भी लोगों द्वारा इसका प्रयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार को इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और पूर्ण प्रतिबंध लगाना चाहिए।
