• Fri. Dec 5th, 2025

Post Office खाताधारक सावधान, भोले-भाले लोग हो रहे शिकार

भोगपुर 10 जनवरी 2025 : आपका भी अगर डाकघर में खाता हैं तो सावधान हो जाएं। दरअसल, डाकघर के खाताधारकों के खातों में फर्जी अंगूठे लगाकर करीब साढ़े 3 लाख की ठगी करने के मामले में थाना भोगपुर पुलिस ने एक सहायक ब्रांच पोस्टमास्टर के खिलाफ एफ. आई. आर. दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में राम कुमार गुप्ता इंस्पैक्टर पोस्ट नॉर्थ सब डिवीजन जालंधर द्वारा एस.एस.पी. जालंधर ग्रामीण को एक शिकायत दी गई थी, जिसमें कहा गया था कि गुरजंत सिंह ने सितम्बर 2021 से नवंबर 2022 तक ब्रांच पोस्ट मास्टर जडीर सब ऑफिस भोगपुर के पद पर तैनात थे। गांव जंडीर निवासी परमिंदर सिंह की पत्नी संतोष कौर के खाते से फर्जी अंगूठा लगाकर 20 हजार रुपए निकलवा लिए थे।

इसी तरह सहायक पोस्टमास्टर ने दोबारा फर्जी अंगूठा लगाकर उसी खाते से 15 हजार रुपए निकाल लिए। इस डाकघर में जंडीर निवासी दरबारा सिंह पुत्र जोगा सिंह का खाता था और गुरजंट सिंह ने जोगा सिंह के खाते से अलग- अलग तारीखों में एंट्री की और निकासी फार्म खुद ही भरा और 1 लाख 43 हजार की रकम निकलवा ली।इस मामले का पता तब चला जब जोगा सिंह नवम्बर 2022 में भारत आ गया क्योंकि वह लंबे समय से इटली में रह रहा था, जिन तारीखों पर गुरजंट  सिंह ने जोगा सिंह के खाते से पैसे निकलवाए, जोगा सिंह उन तारीखों पर इटली में था, जिससे यह स्पष्ट है कि गुरजंट सिंह ने उसके फर्जी हस्ताक्षर करके पैसे का गबन किया है। इसी प्रकार कमलजीत कौर पत्नी रविंदर सिंह निवासी जंडीर का भी उसी डाकघर में खाता था और वह 2013 से इटली में हैं। वह आज तक कभी भारत नहीं लौटीं। गुरजंट सिंह ने अलग- अलग तारीखों में विड्रॉल फॉर्म भरकर कमलजीत कौर के खाते से 1 लाख 53 हजार रुपए की रकम निकाल ली। चरणजीत की पत्नी बलविंदर सिंह कौर दसुआ होशियारपुर निवासी का खाता भी इसी जंडीर डाकघर में था।

पोस्टमास्टर सतविंदर सिंह जो कि ब्यास गांव में तैनात थे और बलविंदर कौर ने सतविंदर सिंह को 29500 रुपए जमा करने के लिए दिए और सतविंदर सिंह ने यह पैसे गुरजंट सिंह को दिए और उसे खाते में जमा करने के लिए कहा था। जब उन्होंने बलविंदर कौर की पास उससे बुक मांगी तो उन्होंने कहा कि  उनके पास पास बुक नहीं है क्योंकि वह उसी विभाग में कार्यरत हैं, इसलिए उन्हें विश्वास हो गया कि उन्होंने पैसे जमा कर दिए हैं और गुरजंट सिंह ने खुद एंट्री लिख कर कॉपी दे दी। जब विभाग ने इस बारे में पूछताछ की तो सतविंदर सिंह ने बयान दर्ज करवा दिए। एस.एस. पी. जालंधर ग्रामीण द्वारा डी. एस. पी. सब डिवीजन आदमपुर को इस घोटाले की जांच का आदेश दिया गया था। गुरजंट सिंह ने अपने बयान में कहा कि विभाग द्वारा धोखाधड़ी का मामला बताकर आदमपुर ट्रांसफर कर दिया, उसके बाद उसने अपना तबादला फिरोजपुर जिले में करवा लिया। विभाग द्वारा उन्हें 25 अप्रैल 2023 को निलंबित कर दिया गया और मामला अदालत में चल रहा है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि उन पर यह आरोप झूठा लगाया गया हैं। जांच रिपोर्ट में डी. एस. पी. आदमपुर ने आरोपी गुरजंट सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने की सिफारिश की, जिसके बाद भोगपुर थाने में आरोपी गुरजंट सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। भोगपुर के पुलिस प्रमुख यादविंदर सिंह राणा ने बताया कि उक्त आरोपी गुरजंट सिंह को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *