जालंधर, 8 दिसंबर 2024 : स्पेशल टास्क फोर्स (एस.टी.एफ.) जालंधर रेंज की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 किलो 42 ग्राम हैरोइन के साथ 4 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। एस.टी.एफ. के ए.आई.जी. जगजीत सिंह सरोआ ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि डी.एस.पी. इंद्रजीत सिंह सैनी की अगुवाई में एस.आई. संजीव कुमार, ए.एस.आई. कुलदीप सिंह और ए.एस.आई. परमिंदर सिंह द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर इन तस्करों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया। गिरफ्तार नशा तस्करों की पहचान लवप्रीत सिंह (कत्थु नंगल, अमृतसर), कर्ण कुमार (एकता नगर, अमृतसर), मानसिकंदर सिंह (राजाताल, थाना घरिंडा, अमृतसर) और जशनप्रीत सिंह उर्फ जशन (बरोची राजपूतां, अमृतसर) के रूप में हुई है। चारों के खिलाफ एस.टी.एफ. थाना मोहाली में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत तीन अलग-अलग एफ.आई.आर. दर्ज की गई हैं।
गिरफ्तार किए गए तस्करों को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उनका पुलिस रिमांड लिया गया और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही एस.टी.एफ. ने उनके कब्जे से दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। जांच में सामने आया कि लवप्रीत सिंह, जो पहले डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था, नशे के कारोबार में उतरा था जब उसके काम में मंदी आ गई थी।
कर्ण कुमार ने टैक्सी चलाने का काम छोड़कर अपने दोस्त लवप्रीत के साथ मिलकर हैरोइन सप्लाई करना शुरू किया था। मानसिकंदर सिंह, जो पहले खेती-बाड़ी करता था, बार्डर पार से नशा लाकर बेचता था। जशनप्रीत सिंह, जो 11वीं तक पढ़ा है और अकेला रहता था, बुरी संगत में पड़कर नशे के कारोबार में शामिल हो गया था।
