• Fri. Dec 5th, 2025

पंजाब के किसान करेंगे दिल्ली कूच, धारा 144 लागू

पटियाला/चंडीगढ़ 05 दिसंबर 2024 नोएडा के किसानों के बाद अब पंजाब के किसान दिल्ली कूच को तैयार हैं। किसान मजदूर मोर्चा के प्रमुख सरवन सिंह पंधेर ने दिल्ली कूच के लिए आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए किसानों को वीरवार शाम 6 बजे तक शंभू बॉर्डर पर पहुंचने का आह्वान किया है।

किसान जत्थेबंदी और कैडर्स को कहा गया है कि वे अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए देशभर के किसान संगठनों और सामाजिक संगठनों तक दिल्ली कूच का संदेश पहुंचाएं। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा की ओर से बुधवार को शंभू में प्रैस कांफ्रेंस में कहा गया कि किसानों के हित के लिए संगठन आर-पार की लड़ाई को तैयार हैं। वह किसानों की मांग के लिए दिल्ली जाना चाहते हैं और उन्हें वहां जाने से अब कोई नहीं रोक सकता।  

पंधेर ने कहा कि हम सरकार की किसी भी सख्ती से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि किसान संगठन की ओर से प्रशासन को पहले ही इस बारे में क्लीयर कर दिया गया है। किसान नेताओं के आह्वान पर बड़ी संख्या में किसान बुधवार से ही शंभू बॉर्डर पर पहुंचना शुरू हो चुके हैं। प्रेसवार्ता के दौरान सरवन सिंह पंधेर ने किसान आंदोलन को समर्थन दे रही पंचायतों, किसान संगठन बी.के.यू. एकता आजाद, बी.के.यू. दोआबा, बी.के.यू. शहीद भगत सिंह हरियाणा, राष्ट्रीय किसान सभा मध्यप्रदेश, पंजाब और राजस्थान के किसान और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं और सभी लोगों को धन्यवाद दिया। वहीं पुलिस ने शंभू बॉर्डर पर धारा 144 संबंधी नोटिस भी चिपकाए हैं। अम्बाला की तरफ शम्भू बॉर्डर पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *