4 जुलाई 2026 : पंजाब सरकार की ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत राज्य के 40 लाख से अधिक परिवारों को मुफ्त राशन किट की पहली किस्त वितरित कर दी गई है। यह किट राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत मिलने वाले गेहूं के अतिरिक्त प्रदान की गई है।
योजना के तहत वितरित राशन किट में 2 किलोग्राम दाल, 2 किलोग्राम चीनी, 1 किलोग्राम आयोडीन युक्त नमक, 1 लीटर सरसों का तेल और 200 ग्राम हल्दी पाउडर शामिल है। इन किटों का वितरण वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के लिए किया गया।
सरकार ने खर्च किए ₹193 करोड़
सरकारी जानकारी के अनुसार, योजना के पहले चरण पर ₹193 करोड़ खर्च किए गए। राशन किटों की खरीद और पैकेजिंग मार्कफेड ने की, जबकि वितरण का कार्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने राज्यभर में पूरा कराया।
दूसरे चरण की तैयारी शुरू
सरकार ने बताया कि दूसरे चरण (जुलाई-सितंबर) के लिए आवश्यक राशन की खरीद प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसकी वितरण प्रक्रिया अगस्त से शुरू होने की संभावना है।
गरीब परिवारों को राहत देने का उद्देश्य
सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के रसोई खर्च को कम करना और उनके पोषण स्तर में सुधार करना है। योजना के तहत पात्र परिवारों को हर तीन महीने में एक मुफ्त राशन किट उपलब्ध कराई जाएगी।
