लुधियाना 02 अप्रैल 2026 : माता रानी चौक के पास स्थित मीना बाजार चौक मंगलवार की रात गोलियों की गड़गड़ाहट नहीं बल्कि एक जोरदार धमाके से दहल उठा। यहां बीच चौक में सजाई जा रही एक विशालकाय स्टेज मौत का कारण बन गई। एक 25 वर्षीय युवक अपनी तेज रफ्तार बाइक पर संतुलन खो बैठा और सीधे लोहे के भारी-भरकम पाइपों से जा टकराया। हादसा इतना रोंगटे खड़े कर देने वाला था कि टक्कर लगते ही पूरी स्टेज हिल गई और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान आकाश (25) के रूप में हुई है, जो मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था।
घटना की जो सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, उसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए। फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि चौक के बीचों-बीच करीब साढ़े पांच फीट ऊंची स्टेज बनाने का काम चल रहा था और वहां कुछ कारीगर व मजदूर खड़े थे। इसी दौरान काल बनकर आई तेज रफ्तार बाइक पर सवार आकाश सीधे स्टेज के ढांचे के अंदर जा घुसा। बाइक की गति इतनी अधिक थी कि लोहे के मोटे पाइपों (पीपों) से टकराते ही आकाश गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जब तक लोग उसे संभालने के लिए दौड़ते, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी।
जांच अधिकारी बलदेव सिंह ने बताया कि यह दर्दनाक हादसा 31 मार्च की रात उस समय हुआ जब आकाश अपने घर की ओर लौट रहा था। प्राथमिक जांच और मौके पर मौजूद चश्मदीदों की मानें तो आशंका जताई जा रही है कि युवक नशे की हालत में था, जिस कारण वह सड़क के बीचों-बीच बन रही स्टेज को देख नहीं पाया और सीधा मौत के आगोश में जा समाया। आकाश के सिर से पिता का साया पहले ही उठ चुका था और अब उसकी मौत के बाद बूढ़ी मां और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर वारिसों के हवाले कर दिया है। परिजनों ने अभी तक किसी के खिलाफ कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं करवाई है, जिसके चलते पुलिस ने बयानों के आधार पर अगली कार्रवाई रोक दी है।
