सोयगांव 01 सितंबर 2025 : खेत में काम करते समय एक बड़ा हादसा हो गया। रविवार शाम तिडका शिवार गांव में पत्थर के नीचे से अचानक निकले सांप ने 60 वर्षीय महिला किसान रुखमाबाई शिवा जाधव को डंस लिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
रुखमाबाई अपने परिवार के साथ बोरमाळा तांडा गांव में रहती थीं। परिवार में पति, दो बेटे, एक बेटी, बहुएं और नाती-पोते हैं। रविवार शाम वे खेत में निराई कर रही थीं, तभी सांप ने काट लिया। पहले उन्हें बनोटी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में पाचोरा (जलगांव) के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी जान चली गई। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है और आगे की जांच कर रही है।
ड्रेनेज में मिला मासूम का शव
इसी बीच, छत्रपति संभाजीनगर से एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कबीर नगर (उस्मानपुरा) इलाके में चोकअप ड्रेनेज की मरम्मत के दौरान नाले से करीब 4-5 महीने की नवजात बच्ची का शव मिला। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ उस्मानपुरा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
