• Fri. Dec 5th, 2025

डेरा ब्यास के नए प्रमुख जसदीप सिंह गिल कौन हैं? जानें उनके बारे में पूरी जानकारी

पंजाब ​​02 सितम्बर 2024 : अमृतसर के ब्यास स्थित डेरा राधा स्वामी के प्रमुख गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने आज अपने उत्तराधिकार की घोषणा कर दी है। गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने जसदीप सिंह गिल को अपना उत्तराधिकारी नियुक्त किया है। जसदीप सिंह आज से ही डेरा ब्यास के प्रमुख के तौर पर गद्दी संभालेंगे। 

जानें कौन हैं डेरा ब्यास के नए प्रमुख जसदीप सिंह गिल

बताया जा रहा है कि डेरा ब्यास के नए प्रमुख जसदीप सिंह बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों के रिश्तेदारों में से हैं। वह पिछले करीब 5 दशकों से अपने परिवार सहित डेरा ब्यास में रह रहे हैं। जसदीप सिंह गिल का जन्म 15 मार्च 1979 को हुआ। मोगा के रहने वाले जसदीप सिंह गिल सुखदेव सिंह गिल के बेटे हैं और वह 45 साल की उम्र में डेरा ब्यास की गद्दी संभालेंगे। जसदीप सिंह गिल ने आई.आई.टी. दिल्ली से बी-टेक और एम. टेक की पढ़ाई की। इसके अलावा उन्होंने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से पी.एच.डी. की है। उनके पिता सुखदेव सिंह गिल कर्नल रह चुके हैं।    

सिप्ला कंपनी के लिए वह 2019 से मुख्य रणनीति अधिकारी के रूप में काम कर रहे थे। जसदीप सिंह गिल ने फार्मास्युटिकल कंपनी सिप्ला लिमिटेड के मुख्य रणनीति अधिकारी और वरिष्ठ प्रबंधन के पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने 2019 से 31 मई 2024 तक यहां काम किया। वह बोर्ड ऑब्जर्वर के रूप में एथेरिस और अचिरा लैब्स प्राइवेट लिमिटेड से भी जुड़े थे। मार्च 2024 तक वेल्थी थेरेप्यूटिक्स के बोर्ड मैबर थे। इससे पहले उन्होंने रैनबैक्सी में सीईओ के कार्यकारी सहायक और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी एंटरप्रेन्योर में प्रधान और चेयरमैन के रुप में काम किया।         

90 देशों में डेरा ब्यास के डेरे 

राधा स्वामी सत्संग ब्यास डेरा की स्थापना 1891 में हुई थी। इसका मकसद लोगों को धार्मिक संदेश देना है। यह संस्था दुनिया के 90 देशों में फैली हुई है, जिनमें अमेरिका, स्पेन, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, जापान, अफ्रीका सहित कई अन्य देश शामिल हैं। डेरे के पास 4 हजार एकड़ से ज्यादा जमीन है जिसमें करीब 48 एकड़ का लंगर हॉल है। डेरे में संगत के ठहरने के लिए सराय, गैस्ट होस्टल और शेड भी है। कैंप में लोगों के मुफ्त इलाज के लिए तीन अस्पताल भी बनाए गए हैं। कैंप से 35 किमी के दायरे में रहने वाले लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *