• Fri. Dec 19th, 2025

मौसम अपडेट: घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण कई उड़ानें रद्द; कैसा रहेगा मौसम? IMD का अनुमान

मुंबई 19 दिसंबर 2025 : मुंबई में ठंड का असर अब कुछ कम हो गया है, हालांकि रात और सुबह हल्की ठंडक बनी हुई है। उत्तर दिशा से आने वाली शीत लहरें कमजोर पड़ने से पूरे महाराष्ट्र में ठंड की तीव्रता घटी है। राज्य के कई शहरों में जहां तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया था, अब पारा धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। हालांकि मराठवाड़ा और विदर्भ में अभी भी ठंड की लहर जारी है।

वहीं दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण गुरुवार को विभिन्न एयरलाइंस की 27 उड़ानें रद्द कर दी गईं। इनमें 16 प्रस्थान और 11 आगमन वाली उड़ानें शामिल थीं। इसके अलावा कई उड़ानों में देरी भी हुई। यह जानकारी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) के एक अधिकारी ने दी।

अधिकारी के अनुसार, कैट-3 इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) के तहत कोहरा, बारिश या बर्फ जैसी परिस्थितियों में 50 से 200 मीटर रनवे विजुअल रेंज में विमानों की लैंडिंग संभव होती है। इस बीच गुरुवार सुबह राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे पूरे एनसीआर क्षेत्र में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक औसतन 373 दर्ज किया गया, जो अत्यंत खराब श्रेणी में आता है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार सुबह 6 बजे शहर में घने कोहरे की स्थिति बनी हुई थी। बुधवार को दिल्ली का औसत AQI 343 था, जो गुरुवार सुबह बढ़कर 358 हुआ और बाद में औसतन 373 दर्ज किया गया। आनंद विहार में सबसे अधिक 441 AQI रिकॉर्ड किया गया।

पालम हवाई अड्डे पर दृश्यता घटकर मात्र 150 मीटर रह गई, जबकि सफदरजंग में यह 200 मीटर दर्ज की गई। घने कोहरे के कारण दिल्ली को गुरुग्राम, गाजियाबाद और नोएडा से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई, जिससे सुबह के यात्रियों को भारी देरी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार, ठंड बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में सुबह के समय कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। IMD ने शुक्रवार को भी घने कोहरे का अनुमान जताया है। नई दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है, जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *