• Fri. Dec 5th, 2025

Weather Update: दिल्ली-NCR में बढ़ी ठंड, IMD ने दी देशभर के मौसम की जानकारी

13 अक्टूबर 2025 : देश में मानसून का मौसम खत्म हो चुका है और उत्तर भारत में ठंड का मौसम धीरे-धीरे सक्रिय हो गया है। दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में सुबह और शाम की ठंडक महसूस की जा रही है। भारत मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

दिल्ली-NCR का मौसम:
IMD के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में हाल ही में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अलसुबह और रात में ठंडक बढ़ गई है, जबकि दिन में धूप खिलने से हल्की गर्मी महसूस होती है। नोएडा और गाजियाबाद सहित बाहरी इलाकों में धुंध और ठंडी हवाओं का असर भी दिख सकता है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 16-18 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

उत्तर भारत का हाल:
उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान में मौसम साफ रहेगा। धूप के साथ हल्की ठंडक और ठंडी हवाएं चलेंगी। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश की संभावना है, जिससे शीतलहर का असर महसूस हो सकता है।

पूर्वोत्तर और पूर्व भारत:
असम, अरुणाचल, नागालैंड और मणिपुर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बिहार में तेज हवाओं और बिजली चमकने का अलर्ट जारी है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 14 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 14-16 अक्टूबर के बीच बिजली कड़कने और बारिश की संभावना है।

दक्षिण भारत में मौसम का अलर्ट:
केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में 13 से 18 अक्टूबर के बीच हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। 13-16 अक्टूबर के बीच दक्षिण भारत में हवाओं की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच सकती है। विशेषकर केरल में अक्टूबर के अंत में पूर्वोत्तर मानसून के असर से तूफानी हवाओं और भारी बारिश का खतरा रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *