• Mon. Mar 16th, 2026

यूपी में मौसम का यू-टर्न: 40 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

16 मार्च 2026 : उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। चिलचिलाती धूप के बीच अब बादलों ने डेरा डाल लिया है। रविवार को नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ समेत कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश के बाद अब सोमवार (16 मार्च) को भी पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज यूपी के करीब 40 जिलों में काले बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

आज इन जिलों में बरसेगा पानी
राजधानी लखनऊ से लेकर गोरखपुर तक आज बादलों की गड़गड़ाहट सुनाई देगी। मौसम विभाग के अनुसार, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मुख्य रूप से इन जिलों में बारिश का अनुमान है: वाराणसी, अयोध्या, गोरखपुर, प्रयागराज (प्रतापगढ़), अमेठी, रायबरेली, आजमगढ़ और बस्ती। लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर। वहीं लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम 18°C रहने का अनुमान है, यहां भी दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

गर्मी की होगी छुट्टी, गिरेगा पारा
बीएचयू (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से अगले 48 घंटों में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। रात के तापमान में भी कमी दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

19 मार्च से फिर शुरू होगा तांडव
अगर आप सोच रहे हैं कि बारिश थम जाएगी, तो सावधान हो जाएं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 17 और 18 मार्च को मौसम थोड़ा शांत रहेगा। 19 और 20 मार्च को  एक बार फिर मौसम बिगड़ेगा। इस दौरान पश्चिमी यूपी के जिलों में न सिर्फ तेज बारिश होगी, बल्कि ओलावृष्टि (Hailstorm) की भी प्रबल संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *