लुधियाना 26 मार्च 2026 : शहर के सबसे व्यस्त और पॉश इलाकों में शुमार फव्वारा चौक पर बेखौफ चोरों ने एक बार फिर पुलिस की गश्त को चुनौती दी है। चोरों ने सरेराह खड़ी एक महिंद्रा थार को निशाना बनाते हुए उसका शीशा तोड़ा और अंदर रखा कीमती लैपटॉप लेकर रफूचक्कर हो गए। इस मामले में थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया।
पुलिस को दिए बयानों में श्वेता आनंद ने बताया कि वह 22 मार्च को अपने वेंडर पार्टनर शुभम जैन के साथ उनकी थार गाड़ी में सवार होकर बसंत आइसक्रीम के पास फव्वारा चौक पर खाना खाने गए थे। उन्होंने अपनी गाड़ी सड़क किनारे पार्क की थी और कुछ ही दूरी पर मौजूद थे। जब वे खाना खाकर वापस लौटे, तो गाड़ी की हालत देख उनके होश उड़ गए। शातिर चोरों ने बड़ी ही चालाकी से थार का पिछला शीशा तोड़ दिया था।
गाड़ी के अंदर चेक करने पर पता चला कि चोर वहां रखा एक लैपटॉप चोरी कर ले गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अज्ञात चोरों का सुराग लगाया जा सके.
